इन्हौना। पूरे चौधराइन मजरे आजादपुर गांव निवासी मोहम्मद मेराज (35) की बृहस्पतिवार को लखनऊ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार को गांव में कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी थी। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया था। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
पिता इस्लाम के मुताबिक उनका बेटा मेराज और मोहम्मद इमरान गुजरात में एक ही जगह काम करते थे। दोनों के बीच वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वे गांव आ गए थे। आरोप है कि बुधवार को मोहम्मद इमरान, शहनूर, सबनूर और इसरार ने कहासुनी के बाद मेराज की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग निकले।
घायल मेराज को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। वहां निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ दिनेश मिश्रा ने बताया कि मामले में पहले ही रिपोर्ट दर्ज की गई थी। युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद रिपोर्ट में धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद देर रात तक शव गांव पहुंचने की उम्मीद है।