शाहगढ़। मुसाफिरखाना के पूरे पाठक बहोरखा निवासी शुभम मिश्र (22) की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 29 अप्रैल को जामों-भादर मार्ग पर नंदमहर चौराहे के पास आंधी-तूफान में सड़क किनारे लगा साइनबोर्ड गिरने से घायल हो गए थे।
ओमप्रकाश के मुताबिक शुभम अपनी मौसी के बेटे शिवपूजन पांडेय (23) के साथ बाइक से पूरब बेसारा के पंडित का पुरवा गांव से लौट रहे थे। उनके साथ भांजा अहम (10) और भांजी लक्ष्मी भी थे। नंदमहर चौराहे के पास अचानक आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान सड़क किनारे लगा साइनबोर्ड ओवरहेड गिर पड़ा और बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे में सभी लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शुभम की हालत गंभीर होने पर ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया था। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुभम की मौत के बाद मां ऊषा देवी, पिता ओमप्रकाश और भाई दीपू का रो-रोकर बुरा हाल है।