मुंशीगंज के अमेठी-मुसाफिरखाना मार्ग पर सपहा नोहरेपुर के पास हादसे के बाद बाइक में लगी आग।
शाहगढ़। संग्रामपुर के भिक्षु का पुरवा टीकरमाफी निवासी दीपक मिश्र (30) की बाइक शुक्रवार को मुंशीगंज के सपहा नोहरेपुर गांव के पास कार की चपेट में आ गई। हादसे में दीपक घायल हो गए। बाइक में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाते हुए घायल दीपक को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस मामले में कार्रवाई में जुटी है।
दीपक के मुताबिक वह बाइक से शुक्रवार को सुल्तानपुर के अलीगंज बुआ के घर उनके बेटे अंबुज पांडेय के तिलक से पूर्व हवन-पूजन कार्यक्रम में जा रहे थे। मुंशीगंज के अमेठी-मुसाफिरखाना मार्ग पर सपहा नोहरेपुर गांव स्थित लाखन वीर बाबा धाम के पास सामने से आ रही कार उनकी बाइक से टकरा गई। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से चला गया। वह सड़क पर गिर पड़े और बाइक में आग लग गई। किसी तरह भागकर उन्होंने जान बचाई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद उन्हें सीएचसी अमेठी में भर्ती करवाया गया। उपचार के बाद अब स्वास्थ्य में सुधार है। बताया कि हेलमेट पहनने के कारण उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं।
थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की जानकारी दीपक के परिजनों को दी गई है। चालक और कार की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।