गौरीगंज के टांडा-बांदा हाइवे स्थित मुसाफिरखाना तिराहे पर प्रदर्शन करते परिजन।
अमेठी सिटी। कोतवाली अमेठी क्षेत्र में ससुराल में युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में बृहस्पतिवार की सुबह परिजनों ने गौरीगंज में टांडा-बांदा हाइवे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजन ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। इसके चलते करीब दो घंटे तक गौरीगंज में हाइवे जाम रहा। कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन धरना प्रदर्शन खत्म कर शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए हैं।
पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा। गौरीगंज इलाके के नगरवां गांव निवासी हंसराज वर्मा (30) अमेठी कोतवाली क्षेत्र के भेटुआ मजरा बल्दूसिंह का पुरवा अपनी ससुराल गया था। जहां रात को उसकी संदिग्ध हालात में फंदे से लटकने से उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह परिवार के लोग ग्रामीणों को साथ लेकर शव के साथ गौरीगंज पहुंचे। यहां टांडा-बांदा हाइवे पर मुसाफिरखाना तिराहे पर शव को रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे हाइवे पर दोनों तरफ जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। नाराज ग्रामीण मृतक के ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मौके पर पहुंचे पुलिस पुलिस अफसरों ने जांच के बाद दोषियों ने खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिला कर विरोध प्रदर्शन को खत्म कराया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए साथ लेकर घर चले गए। हाईवे पर लगा जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। गौरीगंज इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि घटना को लेकर मृतक के परिजनों की तहरीर पर अमेठी कोतवाली में ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।