अमेठी। थाना क्षेत्र मुंशीगंज के एचएएल पावर हाउस के समीप सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
थाना क्षेत्र मुंशीगंज के गांव भगीरथपुर मजरे सुमेरपुर निवासी धीरेंद्र कुमार मिश्र (35) मुंशीगंज बाजार से मंगलवार रात करीब नौ बजे बाइक से घर जा रहे थे। धीरेंद्र अभी एचएएल पावर हाउस के समीप पहुंचे ही थे कि किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से धीरेंद्र को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिवारीजन उन्हें जिला अस्पताल सुलतानपुर ले गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। सूचना मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दस वर्ष की एक बेटी और आठ वर्ष का एक बेटा हैं। धीरेंद्र की मौत से गांव में मातम छा गया है।