अमेठी सिटी। प्रेमिका के बुलावे पर उसके घर गए युवक को युवती के पिता ने कुछ लोगों के साथ मिलकर उसकी लाठियों से पिटाई कर मरणासन्न कर दिया। युवक को गांव से दूर सड़क के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
थाने पहुंचे युवक के पिता ने फोटो देखकर जख्मी बेटे की पहचान की। जिसके बाद युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवती सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जख्मी युवक का अभी ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के संभावा गांव निवासी राजू का थाना क्षेत्र की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सूत्र बताते हैं कि बृहस्पतिवार रात राजू युवती के बुलावे पर मिलने उसके घर पहुंचा। इस पर वहां मौजूद युवती के पिता व अन्य लोगों ने युवक की लाठी डंडों और लात घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को गांव के बाहर सड़क किनारे फेंक कर हमलावर भाग निकले। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। बेटे की तलाश करते हुए शुक्रवार को थाने पहुंचे युवक के पिता राजकुमार ने फोटो देखकर घायल की पहचान बेटे राजू के रूप में की। इस पर राजकुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका व उसके पिता सहित एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। एसएचओ श्यामनारायण पांडेय ने बताया कि नामजद एक महिला व दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।