अमेठी सिटी। सेना भर्ती की तैयारी कर लौट रहे युवक पर हमला करने के दोनों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया है। इनके पास से बाइक व तमंचा व कारतूस बरामद किया है। रामगंज थाना क्षेत्र के नकछेद का पुरवा मजरे सोनारी निवासी सौरभ यादव (18) पर शनिवार को पड़ोस के गांव स्थित डंडवा गांव के मैदान पर दौड़ की प्रैक्टिस कर वापस आते समय बाइक सवार दो लोगों ने गोली मार दी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे दोनों आरोपियों को बैरघाट के पास से गिरफ्तार कर लिया था।
हमलावरों की पहचान सुभाष चंद्र यादव व संदीप यादव उर्फ बलराम के रूप में हुई है। गोली लगने से घायल सौरभ के भाई सूरज यादव की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। एसओ अजयेंद्र पटेल ने बताया कि हमलावरों ने रंजिश के कारण हमला करने की बात स्वीकार की है।