जगदीशपुर (अमेठी)। लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी दोहरे रेल ट्रैक पर रविवार को सिंदुरवा और कोयलारा रेलवे क्रॉसिंग के बीच ट्रैक पार करते समय एक युवक फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कमरौली थाना क्षेत्र के सिंदुरवा गांव निवासी जसकरन (48) रविवार को खेत जा रहे थे। रास्ते में वह लखनऊ-सुल्तानपुर रेल ट्रैक पार कर रहे थे, तभी वह उधर से गुजर रही डाउन फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इससे जयकरन की मौत हो गई। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे ट्रेन चालक ने मामले की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना के बाद आरपीएफ कर्मियों संग कमरौली पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि ट्रैक से शव को किनारे करवाया गया। हालांकि इस दौरान किसी भी ट्रेन का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। जयकरन की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।