सिंहपुर(अमेठी)। गांव स्थित तालाब में पैर फिसलने से शनिवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराने में जुटी है। शिवरतनगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत गांव पट्टी बख्शी मठ मजरे पन्हौंना निवासी राजबहादुर (32) शनिवार को अपने आठ वर्षीय पुत्र सर्वेश के साथ गांव स्थित बंधवा तालाब शौच के लिए गया था। तभी राजबहादुर का पैर फिसल गया और तालाब में डूबने लगा। पिता को डूबता देख सर्वेश गांव की तरफ भागते हुए शोर मचाते हुए मदद की गुहार लगाने लगा। गुहार सुनकर एकत्र ग्रामीण तालाब पर पहुंचे और राजबहादुर को बचाने के लिए पानी में उतरे। जब तक राजबहादुर को तालाब से बाहर निकालते उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। राजबहादुर की मौत के बाद पत्नी गुड़िया का रो-रोकर हाल बेहाल है। नाबालिग पुत्र सर्वेश व पुत्री मोहनी माता को रोता देख गमगीन बने है। दोनों के सिर से पिता का साया छिन गया तो परिवार के जीवन का सहारा मुखिया की मौत से परिवार भी बिखर गया। ग्रामीण भी इस अनहोनी घटना से गमगीन है। एसएचओ सच्चिदानंद राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।