अमेठी। यदि आप दिसंबर से फरवरी के बीच प्रयागराज जाने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। दरअसल, प्रयाग रेल ट्रैक पर चलने वाली दो ट्रेनों में से योगनगरी एक्सप्रेस को दिसंबर से फरवरी तक निरस्त कर दिया है। माघ मेले के दर्शनार्थियों के साथ अन्य यात्रियों की परेशानी बढ़ना तय माना जा रहा है।
कोहरे व धुंध को देखते हुए रेलवे ने योगनगरी हरिद्वार से प्रयागराज के बीच सप्ताह में बुधवार, शुक्रवार व सोमवार (गौरीगंज स्टेशन पर बृहस्पतिवार, शनिवार व मंगलवार) को चलने वाली योगनगरी एक्सप्रेस दो दिसंबर से एक मार्च तक तथा प्रयागराज से योगनगरी हरिद्वार के बीच एक दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त रहेगी।
इस अवधि में लखनऊ-रायबरेली-प्रतापगढ़-प्रयागराज ट्रैक पर सिर्फ लखनऊ-प्रयागराज संगम स्पेशल ट्रेन ही चलाई जाएगी। नियमित यात्रियों के साथ इस अवधि में प्रयागराज में माघ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।