फुरसतगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कई महीनों से बंद एक्सरे सेवा दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिली है। एक्सरे सुविधा बंद होने के कारण मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों और दूरदराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक शुक्ला ने बताया कि एक्सरे टेक्नीशियन भोलानाथ चौधरी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अस्पताल में स्थापित एक्सरे मशीन का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। मरीजों को प्रत्येक सोमवार, मंगलवार और बुधवार को एक्सरे जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अस्पताल में सुविधा बहाल होने की जानकारी मिलते ही मरीजों और क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताई। अनिल यादव, पिंटू अग्रवाल, रामू दीक्षित, बबलू, महेश, राजन और पंकज कौशल समेत कई लोगों ने अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि अब मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। स्थानीय लोगों ने नियमित रूप से सेवा संचालित किए जाने की मांग भी की है। (संवाद)