अमेठी सिटी। जिम्मेदारों की उदासीनता से जिले की सीएचसी में संचालित एक्सरे जांच की व्यवस्था वेंटीलेटर पर है। लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई डिजिटल एक्सरे मशीनें होने के बावजूद मरीजों को जांच सुविधा न मिल पाने से निजी केंद्रों पर महंगी जांच कराने की परेशानी उठाना पड़ रही है। कई सीएचसी में जांच के लिए मशीन होने के बावजूद टेक्नीशियन नहीं हैं तो कहीं एक्सरे फिल्म और प्रिंटर का टोटा है। ऐसे में मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर 300 से 500 रुपये खर्च कर एक्सरे कराना पड़ रहा है। अमेठी, सिंहपुर और संग्रामपुर सीएचसी में एक्सरे फिल्म न होने के कारण मरीजों को मोबाइल पर रिपोर्ट भेजी जा रही है। कई जगह एक ही टेक्नीशियन को दो-दो अस्पतालों का काम तक देखना पड़ रहा है।
साल भर से नहीं हो रही एक्सरे जांच
फुरसतगंज सीएचसी पर डिजिटल एक्सरे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद करीब एक वर्ष से जांच बंद है। सोमवार को 10:40 बजे अस्पताल में मिले मरीज सुखदेव, राजेश, जगजीवन और जमील ने बताया कि उन्हें एक्सरे कराने के लिए रायबरेली या जिला अस्पताल गौरीगंज तक की दौड़ लगाना पड़ती है। कस्बे में निजी जांच केंद्र भी नहीं है। अधीक्षक डॉ. अभिषेक शुक्ल ने बताया कि एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती न होने के कारण ही जांच प्रभावित हो रही है।
घंटों इंतजार के बाद वापस लौटे मरीज
जगदीशपुर की सीएचसी में सोमवार दोपहर तक मरीज एक्सरे कक्ष के बाहर जांच के इंतजार में बैठे रहे, लेकिन कक्ष बंद मिला। जांच के इंतजार में बैठे पूरे छिटई निवासी शीतला प्रसाद ने बताया कि चोट लगने के बाद अस्पताल बुलाया आया था, लेकिन जांच नहीं हो सकी। पूरबगांव निवासी शिवा ने बताया कि सुबह से इंतजार कर रहे हैं। प्रीती सिंह और फिरोजा ने बताया कि दो दिन से अस्पताल के चक्कर काटने के बाद भी जांच नहीं हुई। अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि एक्सरे सहायक अवकाश पर हैं और प्रिंटर न होने से रिपोर्ट व्हाट्सएप पर भेजी जाती है।
मरीजों को नहीं मिल रही एक्सरे फिल्म रिपोर्ट
बाजारशुकुल सीएचसी में एक्सरे फिल्म के अभाव में मरीज परेशान हैं। 12:20 बजे अस्पताल में मिले तेदुआ निवासी मैकूलाल ने बताया कि बिजली न आने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। वहीं, जांच कराने के बाद निकले अभिषेक सिंह ने बताया कि एक्सरे होने के बाद भी उन्हें फिल्म नहीं मिली। बताया गया कि जांच रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर भेज दी जाएगी, इसे से डॉक्टर को दिखा देना। टेक्नीशियन रंजीत वर्मा ने बताया कि अस्पताल में फिल्म उपलब्ध नहीं है, इसलिए मरीजों को एक्सरे फिल्म व रिपोर्ट नहीं दी जा रही है।
जल्द दुरुस्त होगी जांच व्यवस्था
जिन सीएचसी पर जांच के लिए टेक्नीशियनों की तैनाती नहीं है, उस संबंध में नई तैनाती के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही अस्पतालों में टेक्नीशियन की तैनाती कर जांच में होने वाली परेशानी को दूर किया जाएगा। एक्सरे फिल्म और प्रिंटर की कमी को जल्द ही दूर करा कर व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त बनाई जाएगी।
डॉ. अंशुमान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी