अमेठी। चार दिन पहले ककवा रोड स्थित तीन मंजिला भवन से गिरकर घायल हुए प्रतापगढ़ के उदयपुर देवरी गांव निवासी मजदूर विनोद सरोज (35) की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। शुक्रवार को शव घर लाते समय परिजन कोतवाली पहुंचे और दो लोगों पर बिना सुरक्षा उपकरण दिए काम कराने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अनीता देवी ने बताया कि उनके पति श्रमिक थे। 20 अक्तूबर को पूरे ओझा मजरे कोहरा गांव निवासी शत्रुघन विश्वकर्मा उर्फ रामधन और आशीष विश्वकर्मा के साथ वह ककवा रोड स्थित एक प्लाईवुड की दुकान पर काम करने गए थे। अनीता का कहना है कि दोनों ने उसके पति को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के तीन मंजिला भवन पर काम करने भेजा।
काम के दौरान संतुलन बिगड़ने से विनोद नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल गौरीगंज और बाद में रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार को रायबरेली में पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाते समय अनीता देवी, हीरालाल, विश्राम पासी, संतोष कुमार, राम सुमेर और जितेंद्र कुमार के साथ कोतवाली पहुंची और केस दर्ज कराने की मांग की।
कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने परिजनों को शांत कराते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि अनीता की तहरीर पर कोहरा गांव के दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पिता के शव से लिपट कर रोईं चारों बेटियां
पति की मौत के बाद अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। चारों बेटियां शुभी, अंशिका, खुशी और शिवानी पिता के शव से लिपटकर रो पड़ीं। उन्हें रोता देख घर पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। परिवार के मुखिया की मौत से घर में मातम छा गया। गांव के लोग और रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।