गौरीगंज के एसजेएस स्कूल में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’’ का
अमेठी सिटी। गौरीगंज के एसजेएस स्कूल में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने छात्राओं को कानून, सुरक्षा, साइबर अपराध और ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस हर समय आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर है। किसी भी असहज स्थिति में तुरंत सूचना दें।
एएसपी ने कहा कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए 1090 और 181 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की और भरोसा दिलाया कि शिकायत करने वालों की पहचान उजागर नहीं की जाएगी। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और मिशन शक्ति अभियानों का जिक्र करते हुए बताया कि महिला सुरक्षा यूपी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साइबर अपराध को लेकर छात्राओं को सावधान करते हुए कहा कि कोई भी बैंक या ओटीपी संबंधी जानकारी फोन पर साझा न करें। इससे साइबर ठग आपकी गाढ़ी कमाई उड़ा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस अब 24 ऑनलाइन सेवाएं आमजन को घर बैठे उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में छात्राओं के सवालों का जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधक प्रियंका सिंह ने कहा कि छात्राओं को अनुशासित रहकर कानून व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए। प्रधानाचार्य शबा कौसर ने कहा कि पुलिस समाज की सुरक्षा की रीढ़ है और छात्राओं को इसके कार्य को समझना चाहिए।
मेहनत से आगे बढ़ें छात्राएं
एएसपी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं। पुलिस, सेना, प्रशासन जैसे क्षेत्रों में अब महिलाओं की सक्रिय भागीदारी है। आत्मविश्वास, मेहनत और तैयारी के साथ छात्राएं बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकती हैं।
छात्राओं ने किए सवाल
कार्यक्रम में छात्रा आर्या ने पूछा कि महिलाएं पुलिस या सेना में कैसे कॅरिअर बना सकती हैं। इशिका सिंह ने जानना चाहा कि क्या पुलिस की मदद लेने पर कोई परेशानी होगी। एएसपी ने कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाती है और पुलिस हर परिस्थिति में मदद को तैयार रहती है।