जिला अस्पताल स्थित महिला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी का बंद गेट।
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में संबद्ध एक महिला रोग विशेषज्ञ की संबद्धता हटा दी गई है। अब महिला मरीजों को सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही उपचार मिल सकेगा। बुधवार को भी महिला रोग विशेषज्ञ के नहीं होने से मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। यह स्थिति अस्पताल में नियमित महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती न होने के कारण हो रही है।
जिला अस्पताल में सीएमओ की ओर से सीएचसी की दो महिला रोग विशेषज्ञों को तीन-तीन दिन के लिए संबद्ध किया गया था। इनमें से डॉ. पुलक यादव अवकाश पर गई थीं। अब सीएमओ ने उनकी संबद्धता समाप्त करते हुए जगदीशपुर में नियमित तैनाती कर दी है। इससे अब जिला अस्पताल में डॉ. रुचिका सेठ सिर्फ तीन दिन सोमवार, शुक्रवार व शनिवार को ही ओपीडी करेंगी। विशेषज्ञ डॉक्टर की कमी के चलते महिलाओं को सामान्य जांच और उपचार के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को असुविधा हो रही है और उन्हें निजी चिकित्सालयों का सहारा लेना पड़ रहा है, जो आर्थिक भार बढ़ रहा है। बुधवार को इलाज कराने आई सुमन, रश्मि, कोमल, श्यामा देवी आदि ने बताया कि दो दिन से वह अस्पताल इलाज कराने आ रही हैं, लेकिन महिला चिकित्सक नहीं मिलीं। बताया कि इससे परेशानी उठानी पड़ रही है, जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देना चाहिए। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि महिला चिकित्सक की तैनाती के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।
संबद्धता की गई समाप्त
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि जगदीशपुर सीएचसी पर महिला मरीजों की संख्या अधिक होने से मरीजों को वहां पर भी महिला रोग विशेषज्ञ की मांग थी। बताया कि महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. पुलक यादव की संबद्धता को समाप्त करते हुए जगदीशपुर में नियमित कर दिया गया है।