गौरीगंज स्थित पीडब्लूडी कार्यालय में अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपती महिला किस
अमेठी सिटी। जामों स्थित श्री शंकर बूढ़े बाबा धाम जाने वाले मार्ग की बदहाली को लेकर मंगलवार को महिला किसानों ने लोक निर्माण विभाग और जिला पंचायत कार्यालय में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क की मरम्मत और झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व किसान नेता रीता सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि जामों-गांधीनगर मार्ग पर उमराडीह गांव स्थित श्री शंकर बूढ़े बाबा धाम में सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। पहले महिला किसान लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कार्यालय पहुंचीं और अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार को ज्ञापन देकर सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की।
इसके बाद जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अपर मुख्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए निर्माणाधीन सड़क का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सावन शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत और झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान विमलेश, कमलेश, सरोजा देवी, फूलमती, उर्मिला आदि मौजूद रहीं।