जगदीशपुर क्षेत्र के उद्योग भारती कार्यालय में शपथ लेते व्यापारी।-स्रोत : स्थानीय नागरिक
जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के लघु उद्योग भारती कार्यालय में सोमवार को 31वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उद्यमियों ने उद्योगों के विकास और उत्पादन बढ़ाने की शपथ ली।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में अवध प्रान्त की प्रांतीय अध्यक्ष रीता मित्तल मौजूद रहीं, जिन्होंने महिलाओं को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और सकारात्मक सोच तथा खुशनुमा माहौल बनाए जाने के महत्व पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि अवध प्रान्त के महामंत्री राम प्रकाश ने अमेठी के सभी ब्लॉकों के उद्यमियों को एकजुट करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने ब्लॉक स्तर पर संगठन खड़ा करने और प्रदेश राज्य स्तर पर औद्योगिक संगठन हब बनाने की इच्छा जताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुरेश उपाध्याय ने भी उद्यमियों से सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष इंजीनियर संजय सिंह ने अमेठी जिले की औद्योगिक विकास की जानकारी दी।
संगठन में नए पदाधिकारियों का मनोनयन
स्थापना दिवस पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अवध प्रांत की प्रांतीय अध्यक्ष रीता मित्तल ने लघु उद्योग भारती अमेठी की पुरानी कार्यकारिणी को पुनः बहाल करते हुए नए सदस्यों को भी पदासीन किया। इस दौरान महिला इकाई का गठन भी किया गया। नए पदाधिकारियों में डॉ. संतोष सिंह, व गौरव शिवराज सिंह को उपाध्यक्ष, विजय श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष, डॉ. पूजा बरनवाल को मंत्री, गोरखनाथ शुक्ला को अध्यक्ष जगदीशपुर, हेमंत सिंह को अध्यक्ष, उतेलवा , काली बक्श सिंह को अध्यक्ष, मुसाफिरखाना और महिला इकाई की अध्यक्ष नीरज पांडेय को मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता और अन्य उद्यमियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।