अमेठी सिटी। गांव से लेकर शहर तक होलिका स्थल भव्य रूप से सज गए हैं। सोमवार शाम मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने होलिका दहन से पूर्व ठंडी होलिका पूजन करने की परंपरा का निर्वहन किया। बड़कुल्ला की माला संग पूजन अर्चन कर सुख समृद्धि की कामना की।
ग्रामीण इलाकों संग शहर के विभिन्न मोहल्लों और चौराहों पर होलिका स्थल भव्य रूप से सजाए गए हैं। परंपरा के अनुसार मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने नए अनाज और पुष्प चढ़ाने के बाद होली की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। नववधुओं ने होलिका का पूजन कर बड़ों का आशीर्वाद लिया। घरों में प्रसाद वितरण किया गया। मारवाड़ी समाज में महिलाओं ने घरों में भी पूजन किया। अमेठी कस्बे में चौक, रेलवे क्रासिंग पार सौभाग्यवती महिलाओं, नागरिकों और बच्चों ने पूजन-अर्चन कर होली की परिक्रमा की। इस दौरान सरिता भालोठिया, मीना अग्रवाल, एकता अग्रवाल, सुमन, अर्चिता, सोनजल, निहारिका, समृद्धि, आयुषी, नीलू आदि मौजूद रहीं।