गौरीगंज कस्बे में प्रदर्शन करतीं महिला किसान। -संवाद
अमेठी सिटी। गेहूं व अन्य फसलों की सिंचाई के समय नहरें सूखी होने से नाराज महिला किसान सड़क पर उतर आईं। मंगलवार को महिला किसानों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर संबंधित विभाग के एक्सईएन को ज्ञापन देकर नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग की।
जन कल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह की अगुवाई में महिला किसान जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन परिसर में एकत्रित हुईं। महिलाओं ने शहर की सड़कों पर प्रदर्शन कर नहर विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान संगठन की अध्यक्ष ने कहा कि जिले में फैला नहरों का जाल किसानों के लिए बेमतलब साबित हो रहा है। इस समय गेहूं आदि फसलों को पानी की जरूरत है, लेकिन मुख्य रजबाहा से लेकर माइनर तक सूखी हैं।
उन्होंने कहा कि नहरों के आसपास फसलों की सिंचाई के लिए कोई साधन नहीं है। एक ओर जहां किसानों की फसलों को निराश्रित गोवंश नुकसान पहुंचा रहे हैं, वहीं पानी के अभाव में फसलें सूख रही है। ऐसे में किसानों की उपज प्रभावित होगी तो उसका जिम्मेदार कौन होगा। अध्यक्ष ने सिंचाई खंड 41 के अधिशाषी अभियंता गोविंद सिंह को ज्ञापन देते हुए कहा कि अगर पांच दिन में नहरों में टेल तक पानी नहीं छोड़ा गया तो संगठन पदाधिकारी व किसान बेमियादी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी। इस दौरान रघुनंदन सिंह, भानमती, श्यामा, केशरी, कामता राय, गीता, ऊषा आदि मौजूद रहीं।