गौरीगंज स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन करतीं महिला किसान।
अमेठी सिटी। जिले में 72 घंटे की हड़ताल पर गए ऊर्जा निगम के संविदाकर्मियों के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। भीषण गर्मी और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। इस बीच ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप भी लग रहे हैं। बुधवार को महिला किसान नेता रीता सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं लाठी-डंडों के साथ अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचीं और जोरदार नारेबाजी करते हुए एसडीओ की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
महिलाओं ने ज्ञापन सौंपकर एसडीओ के खिलाफ जांच की मांग की। महिलाओं का कहना है कि मंगलवार को संविदाकर्मियों की हड़ताल के कारण रामनगर फीडर क्षेत्र में सुबह 11 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही। जब इस संबंध में एसडीओ से संपर्क किया गया, तो उन्होंने गुमराह किया और स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने बताया कि एसडीओ कभी खुद को एक जगह, कभी दूसरी जगह बता रहे थे, लेकिन मौके पर कहीं नहीं मिले। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने एसडीओ की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है। इस मौके पर ऊषा, नौरंगा,कमलेश कुमारी, रामलली, श्यामा व सुंदरा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।