जामो (अमेठी)। सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर शनिवार को महिला किसान संगठन भड़क गया। महिलाओं ने सीएचसी जामो पर प्रदर्शन कर सीएमओ को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अस्पताल में सृजित पद के अनुसार चिकित्सक की तैनाती करते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग की गई है।
सीएचसी जामो में महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं होने से मरीजों को परेशान होना पड़ता है। टेक्नीशियन के अभाव में मरीजों को एक्सरे के लिए 20 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है। अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को महिला किसानों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने सीएचसी का घेराव कर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना पर अस्पताल पहुंचे सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने महिलाओं से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया। उसके बाद महिलाओं ने सीएमओ को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में अस्पताल में सृजित पद के अनुसार चिकित्सक की तैनाती करने, वरीयता के आधार पर महिला चिकित्सक तैनात करने व एक्सरे मशीन संचालित कर मरीजों को बेहतर सुविधा देने की मांग शामिल है। इस मौके पर किसान नेता रीता सिंह, भानुमति, शिवपति, ऊषा, श्यामकली व दिलाऊ आदि महिलाएं मौजूद रहीं।