एसई दफ्तर को घेरने पहुंचीं महिलाएं
अमेठी। गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से लोगों का जीवन मुहाल हो गया है। शाम से हो रही बिजली कटौती से कामकाज प्रभावित हो रहा है। इससे परेशान महिलाएं सोमवार की रात अधीक्षण अभियंता दफ्तर पहुंच गईं। रात में मान मनौव्वल के बाद लौटीं महिलाओं ने मंगलवार को एक्सईएन कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इधर, महिलाओं ने रात में हो रही कटौती को बंद करने की मांग की।
पाॅवर कार्पोरेशन की लाख कोशिश के बावजूद जिले में बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। लगातार ट्रिपिंग व अघोषित कटौती से ग्रामीण क्षेत्र में लोग परेशान है। शाम से होने वाली कटौती से भोजन तैयार करने में परेशानी हो रही है, वहीं बच्चों की पढ़ाई चौपट हो रही है। मच्छरों के प्रकोप से लोग परेशान हैं। फोन करने पर उपकेंद्र का फोन रिसीव नहीं किया जाता। यदि फोन उठ भी गया तो सही जवाब नहीं दिया जाता है। खास बात है कि आलम यह है कि 18 घंटे आपूर्ति का दावा भले ही हो रहा हो लेकिन, इतनी भी आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र में नहीं मिल रही है कि इनवर्टर चार्ज हो जाए।
कटौती से हो रही परेशानी से नाराज महिलाएं सोमवार रात सराय भागमानी स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंच गई। घेराव होने की सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने समझाने की कोशिश की लेकिन, महिलाएं मानने को तैयार नहीं हुई। महिलाओं का आरोप था कि अघोषित कटौती बंद कर आपूर्ति बहाल की जाए। महिला रात में तो वापस लौटीं लेकिन मंगलवार सुबह एक्सईएन खंड प्रथम के दफ्तर का घेराव कर प्रदर्शन करने लगीं। प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति देने, रात की कटौती पूरी तरह बंद करने की मांग की। महिलाओं ने कटौती बंद नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर रीता सिंह, ममता, कुसुमा, रानी, सुषमा, कमलेशा, फूलकली व कृष्णा सहित बड़ी संख्या महिलाएं मौजूद रहीं।