गौरीगंज स्थित जिला अस्पताल में प्रदर्शन करती महिलाएं।-स्रोत : संवाद
अमेठी सिटी। मलिक मोहम्मद संयुक्त जिला अस्पताल गौरीगंज में बीते 15 दिनों से ठप अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा को लेकर बृहस्पतिवार को महिलाओं ने प्रदर्शन किया। हाथों में लाठी-डंडे लिए तमाम महिलाएं अस्पताल परिसर में पहुंचीं और जांच सेवा बहाल करने के साथ प्रशिक्षुओं की मनमानी रोकने की मांग उठाई।
किसान नेता रीता सिंह ने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने के बाद से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच पूरी तरह बंद है। इससे मरीज परेशान हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को समुचित जांच सुविधा नहीं मिल रही। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि अल्ट्रासाउंड जांच सेवा को नियमित किया जाए और रेडियोलॉजिस्ट की तत्काल तैनाती हो।
मौके पर पहुंचे सीएमएम डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने महिलाओं से बातचीत कर समस्याओं का जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शासन को पत्राचार कर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की प्रक्रिया तेज की जाएगी। प्रदर्शन में श्याम कली, ऊषा, नौरंगा, कमलेश, सरोज और धनपता आदि शामिल रहीं।