अमेठी सिटी। मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को जिलेभर में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने गांवों और कस्बों में चौपाल लगाकर महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने तथा निडर होकर अपनी बात रखने की प्रेरणा दी।
जामों, इन्हौना, जगदीशपुर, मोहनगंज, भाले सुल्तानपुर, रामगंज, मुंशीगंज, फुरसतगंज, जायस और पीपरपुर थानों की महिला पुलिसकर्मियों ने ग्रामीण महिलाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 108 एम्बुलेंस और 102 स्वास्थ्य सेवा जैसी सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रमों में महिला सुरक्षा केंद्रों की भूमिका, साइबर अपराध से बचाव और नारी सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। महिला पुलिस कर्मियों ने पंफलेट वितरित कर महिलाओं को बताया कि किसी भी स्थिति में भयभीत न हों और तुरंत पुलिस से संपर्क करें। एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न स्थानों पर गश्त कर संदिग्ध युवकों की चेकिंग की और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश लगाने की कार्रवाई की।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय महिलाओं की सहायता के लिए तैयार है और चौपालों के माध्यम से हर गांव तक सुरक्षा और सम्मान का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
बाजारशुकुल कसबे में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक करती आरक्षी। स्त्रोत : पीआरओ सेल