बाजारशुकुल (अमेठी)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मीरमऊ मजरे उरेरमऊ गांव से होकर गुजरी गोमती नदी में सोमवार की शाम एक महिला का शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के मीरमऊ मजरे उरेरमऊ गांव से गुजरनी वाली गोमती नदी के बीच रेत में सोमवार को एक महिला का शव पड़ा मिला। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाल कर शिनाख्त की कोशिश की। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचाया। शव को पोस्टमाॅर्टम हाउस में 72 घंटे तक पहचान के लिए रखा जाएगा। महिला की फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ डीसीआरबी सेल की मदद से आसपास के जिले के थाने से संपर्क कर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि महिला की उम्र करीब 35 वर्ष होगी। ऐसा लग रहा है कि शव नदी में कहीं से बहकर आया है। 72 घंटे तक शव की पहचान नहीं होने पर उसका पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।