कमरौली। सेक्टर-16 स्थित यूपीएसआई कॉलोनी निवासी संध्या श्रीवास्तव (55) की बृहस्पतिवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। सड़क नंबर दो पर टहलने के दौरान वह बाइक की चपेट में आ गईं। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी घायल हो गए।
अभय श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी मौसी संध्या श्रीवास्तव मूल रूप से बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र के सराय रावत गांव की निवासी थीं। वह यूपीएसआई कॉलोनी में रह रही थीं। बृहस्पतिवार शाम टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान सड़क नंबर दो पर वह बाइक की चपेट में आ गईं। हादसे में संध्या श्रीवास्तव के साथ अशरफपुर निवासी सद्दाम (18) और साहिल (19) भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने संध्या श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। घायल युवकों के परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। एसओ मुकेश पटेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई। महिला की मौत के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।