संग्रामपुर। पीतांबर पांडेय पुरवा गांव में सोमवार रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन गृहस्वामी की पत्नी की सूझबूझ से वारदात नाकाम रही। चोरों ने महिला को नशीली दवा का छिड़काव कर बेहोश कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गृहस्वामी रामअचल पांडेय ने बताया कि वह रात में घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी शोभा पांडेय पास में दूसरी चारपाई पर लेटी थीं। रात करीब एक बजे तीन चोर बरामदे में पहुंचे। उन्होंने पत्नी के सिरहाने रखी चाबी उठाई और पास रखे कपड़ों पर नशीला पदार्थ छिड़क दिया। इसके बाद चोर घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर घुस गए। इसी बीच पत्नी शोभा ने शोर मचाते हुए उन्हें जगाया, लेकिन तभी वह बेहोश होकर गिर पड़ीं।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो चोर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। बेहोश हुई पत्नी को गौरीगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ है। टीकरमाफी चौकी प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर और आसपास के क्षेत्र की जांच की गई। इंस्पेक्टर अखिलेश से बताया कि परिवार की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है।