मोहनगंज के कमई गांव में रोते बिलखते परिजन। स्रोत : स्थानीय
तिलोई। मोहनगंज के कमई गांव निवासी जमीरउलनिशा (46) की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जमीन-जायदाद के विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। शव पर चोट और खरोंच के निशान मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिंहपुर गांव निवासी शमीम बानो ने बताया कि जमीरउलनिशा का तलाक हो चुका था। तलाक के बाद वह कमई गांव में रहती थीं। सोमवार सुबह वह मौसी को कमई गांव छोड़कर अपने घर चली गई थीं। देर शाम जमीरउलनिशा की मौत की जानकारी मिली। परिजनों के साथ वह मौके पर पहुंचीं तो मौसी का शव पड़ा था। उनके मुताबिक शरीर पर चोट और खरोंच के निशान दिखाई दिए। कपड़ों पर भी खून लगा था।
शमीम बानो ने आरोप लगाया कि जमीन-जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में जमीरउलनिशा की हत्या की गई है। परिजनों ने मामले की जांच कर घटना की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में समुचित कार्रवाई की जाएगी।