जगदीशपुर (अमेठी)। कमरौली के मेडई लोध का पुरवा मजरे कठौरा गांव निवासी तारा (30) की शुक्रवार रात सांप के डसने से मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। अचानक महिला की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भारत ने बताया कि उनकी पत्नी तीन बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। रात करीब 10:30 बजे अचानक सांप ने तारा के हाथ में डस लिया। चीख सुनकर घरवालों की नींद खुल गई। तारा को इंडोरामा अस्पताल ले जाया गया। वहां से ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही तारा ने दम तोड़ दिया।
एसओ मुकेश कुमार ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। तहसीलदार मुसाफिरखाना राहुल सिंह ने बताया कि सर्पदंश से हुई मौत के मामलों में पोस्टमार्टम अनिवार्य है। रिपोर्ट के बिना शासन से मिलने वाली चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत नहीं की जा सकती।