सिंहपुर। शिवरतनगंज के टिकरी गांव निवासी अवधेश कुमारी (26) की रविवार को इन्होंना कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मियों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पति राजकुमार के मुताबिक प्रसव पीड़ा होने पर उन्होंने शनिवार को पत्नी अवधेश कुमारी को इन्होंना कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रात में अस्पताल कर्मियों ने पुत्र के जन्म की जानकारी दी। प्रसव के कुछ देर बाद पत्नी की तबीयत बिगड़ने की बात बताई गई। इसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मौत होने की जानकारी दी।
आरोप है कि इसके बाद एंबुलेंस से शव इन्होंना के डांडी बरवलिया स्थित ससुराल छोड़कर संबंधित लोग चले गए। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। सीओ दिनेश मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्रसूता की मौत से परिवार में मातम पसरा है। सास रामावती का रो-रोकर बुरा हाल है। पति राजकुमार पत्नी को याद कर बिलख रहे हैं। बेटे मयंक की मां की मौत से परिवार टूट गया है। देवर चंदन, पिता जगजीवन समेत परिवार के अन्य सदस्य गमगीन हैं।
शिकायत पर गठित होगी जांच टीम
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच टीम गठित की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।