जगदीशपुर। कमरौली के दुलारीनगर निवासी आरती (40) की शुक्रवार दोपहर गेहूं फसल की मड़ाई के दौरान थ्रेसर में फंसने से मौत हो गई। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
साहबलाल भारती ने बताया कि उनकी बहू आरती खेत में थ्रेसर से गेहूं फसल की मड़ाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके बाल थ्रेसर में फंस गए और वह उसकी चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत थ्रेसर बंदकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं। आननफानन परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर ले गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। मौत के बाद परिजन शव घर ले गए और बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष मुकेश पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।