बाजारशुकुल। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर रविवार को हुए सड़क हादसे में आशीषपुर गांव निवासी इसराजी (32) की मौत हो गई। दुर्घटना में पति संतराम (35) और 15 वर्षीय बेटी सेजल घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजारशुकुल में भर्ती कराया गया है।
संतराम ने बताया कि वह पत्नी इसराजी और बेटी सेजल के साथ बाइक से खेत जा रहे थे। पूरे भाले गांव के पास सामने से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने इसराजी को मृत घोषित कर दिया। संतराम और सेजल का उपचार जारी है।
घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन सहित मौके से चला गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहन की पहचान शुरू की है। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।