बाजारशुकुल। विशंभर पट्टी गांव में शुक्रवार सुबह घर की सफाई के दौरान दराज में हाथ डालते समय सांप ने अनुसुइया देवी (28) को काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सीएचसी जगदीशपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पति गोविंद कुमार के अनुसार अनुसुइया घर की सफाई कर रही थीं। हार्पिक निकालने के लिए जैसे ही उन्होंने दराज में हाथ डाला, तभी सांप ने उनकी अंगुली में काट लिया। चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो सांप को भागते देखा। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी जगदीशपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अनुसुइया को मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पति गोविंद कुमार के साथ बेटी लक्ष्मी और बेटे रितिक का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ गजेंद्र पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिला आपदा अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि सांप के काटने से मौत दैवीय आपदा की श्रेणी में आती है। राजस्व टीम की रिपोर्ट मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।