जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय विकास खंड कार्यालय के सभागार में बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख अंजली सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में गांवों के विकास को लेकर हरी झंडी दी गई। बैठक में डेढ़ करोड़ रुपये से विकास कार्य कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख एवं खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि डेढ़ करोड़ रुपये से विभिन्न विकास कार्य कराएं जाएंगे। प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने अपने गांवों में विकास कार्यों के प्रस्ताव भी दिए। सर्वप्रथम गत बैठक की कार्रवाई की पुष्टि करने के साथ इस बैठक से पहले क्षेत्र पंचायत में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
इसके बाद ग्राम प्रधान एवं बीडीसी सदस्यों से उनकी ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र होने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए। बैठक में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को बढ़ावा देने, पशुपालन विभाग की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कहा गया। इसके साथ ही पंचायत राज विभाग की संचालित योजनाओं को क्रियान्वित करके पात्रों को लाभ दिलाने के लिए प्रतिनिधियों को आगे आने का आह्वान किया गया। बैठक में सुभाष पांडेय, विशाल विक्रम सिंह, अभिषेक विक्रम सिंह, मदन बाजपेई आदि मौजूद रहे।