अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल मार्ग पर नई रेल सेवाओं की मांग फिलहाल पूरी होती नहीं दिख रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि नई ट्रेनें शुरू करने का निर्णय संबंधित रेलखंड की क्षमता, ट्रैक की उपलब्धता, चल स्टॉक, अनुरक्षण आवश्यकताओं और यात्री मांग सहित सभी परिचालन व तकनीकी पहलुओं के समग्र आकलन के बाद ही लिया जाता है।
रेल मंत्री ने बताया कि भारतीय रेल में नई रेल सेवाएं शुरू करना एक सतत प्रक्रिया है। रेल नेटवर्क जिला सीमाओं से परे संचालित होता है, इसलिए किसी भी नई सेवा पर निर्णय पूरे नेटवर्क की परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रस्ताव पर उपलब्ध पथ, चल स्टॉक, अनुरक्षण व्यवस्था और यात्री मांग का विस्तृत मूल्यांकन किया जाता है। लोकसभा में दिए गए जवाब के अनुसार, अमेठी रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में 50 ट्रेनों का ठहराव है। इन ट्रेनों से दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, हावड़ा, जम्मूतवी, पुरी, भोपाल, बीकानेर, यशवंतपुर, देहरादून और जोधपुर समेत कई प्रमुख शहरों के लिए रेल सुविधा उपलब्ध है।