अमेठी सिटी। शुक्रवार को तड़के हुए लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर हुए हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत के मामले में अभी तक पुलिस कंटेनर कहां जा रहा था, यह पता नहीं कर सकी है। कंटेनर का मालिक कौन है, ड्राइवर कौन था, इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस के पास नहीं है।
इधर, पुलिस अधिकारी कहते हैं कि टीम लगाई गई है। सीओ अतुल सिंह कहते हैं कि पुलिस टीम लगी है। जल्द ही ड्राइवर को पकड़ लिया जाएगा।
वैसे नियमों की अनदेखी कहें या फिर लापरवाही, आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात पूरे प्रेमशाह के पास पिकअप का टायर बदल रहे युवक को लोडर मैजिक ने रौंद दिया था। एक दिन पहले अमेठी थाने के तालाखुजरी गांव के पास अनियंत्रित कार पलटने से एक परिवार का चिराग बुझ गया।
दरअसल, जिले से गुजरने वाले हाईवे, पूर्वाचल एक्सप्रेस व अन्य सड़कों पर प्रतिदिन कहीं न कहीं हादसे हो रहे हैं। अधिकांश हादसों में नियमों की अनदेखी का मामला आता है। पुलिस के आंकड़ों की मानें तो एक जनवरी से लेकर मई माह तक 137 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। हादसे में 91 लोगों की मौत हुई है, 85 लोग घायल हुए।
नियमों का सभी को करना चाहिए पालन
एएसपी हरेन्द्र कुमार ने बताया कि बाइक सवारों को हेलमेट और चारपहिया सवारों को सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। मोबाइल पर बात नहीं करे तो नशे की हालत में वाहन नहीं चलाए तो दुर्घटनाएं कम होगी। मोड़, रेलवे क्राॅसिंग आदि पर लगाए गए संकेतक बोर्डों को देखकर सतर्कता पूर्वक वाहन संचालित करना चाहिए।