अमेठी। असैदापुर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.30 बजे का वक्त। मरीजों की लंबी कतार लगी थी।
इन सबके बीच दुर्गन धाम निवासी कुलदीप नाक, कान, गला रोग के चिकित्सक को दिखाने आए थे। कान में दर्द हो रहा था। पर्चा बनवाकर इंतजार कर रहे थे। बताया गया कि चिकित्सक अवकाश पर हैं, कल मिलेंगे। उनका दर्द यह था कि जब डॉक्टर अवकाश पर हैं तो पर्चा ही नहीं बनाना चाहिए, वहीं बता देते। इंतजार क्यों करते।
नरौली गांव निवासी अफसाना भी पर्चा बनवाने के बाद वह डॉक्टर का इंतजार कर रही थीं। सुनीता व रामावती ने बताया कि पूछने पर भी कोई यह नहीं बता रहा कि डॉक्टर आएंगी या नहीं। काफी देर इंतजार कर लिया अब फिजिशियन को दिखाकर दवा लिखवा लिए है। सोमवार को दोबारा आएंगी।
दरअसल, जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को महिला रोग विशेषज्ञ डॉ रूचिका सेठ, ईएनटी सर्जन डॉ. संदीप कुमार, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ हनुमान प्रसाद व चिकित्सक पीतांबर के अवकाश पर होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोमेश्वरपुरी के अवकाश पर रहने से अल्ट्रासाउंड कक्ष में भी ताला बंद रहा। मरीजों की जांच नहीं हो सकी।
सरमे गांव निवासी रामसुमरिन ने बताया कि पथरी का दर्द रहता है। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड जांच में लिखा था लेकिन, आज न जांच हो पाई और न नंबर मिला। कल डॉक्टर के मिलने की बात लोगों ने बताई है।
फिजिशियन के कक्ष के बाहर लगी रही भीड़
जिला अस्पताल में फिजिशियन डॉ शुभम पांडेय, डॉ. अमित यादव, डॉ. पीके पांडेय, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उल्ल-जमा व मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. वीवी सिंह समेत अन्य डॉक्टरों के ओपीडी कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ रही। अधिकांश दिनों की अपेक्षा बृहस्पतिवार को मरीजों की संख्या कम रही है।
ओपीडी में 926 मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 415 मरीज बुखार से पीड़ित रहे। इसके अतिरिक्त सांस, खांसी व जुकाम के साथ बीमारी से ग्रसित मरीजों का उपचार किया गया।
दावा : कोई मरीज उपचार के बिना नहीं लौटा
सीएमएस डॉ बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि कुछ डॉक्टर बृहस्पतिवार को अवकाश पर थे। फिजिशियन ने अस्पताल पहुंचे सभी मरीजों का उपचार किया है। कोई भी मरीज बिना उपचार के नहीं लौटा। शुक्रवार को सभी डॉक्टर ओपीडी सेवा करेगे। मरीजों का बेहतर उपचार करना प्राथमिकता में शामिल है।