जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र के एक युवक ने पत्नी से बात नहीं होने पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसका जगदीशपुर के ट्राॅमा सेंटर में इलाज कराया गया। आरोप है कि ससुराल वालों के दबाव में उसे पत्नी से बात नहीं करने दी जा रही है। युवक ने कोर्ट मैरिज की थी। हालत में सुधार के बाद युवक को अस्पताल से घर भेज दिया गया है। युवक का कहना है कि मामले को लेकर वह पुलिस से शिकायत करेगा। उसके बयान का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर उमरवल निवासी रंजीत ने मोहनगंज थाना क्षेत्र की एक लड़की से 10 अक्तूबर को रायबरेली में कोर्ट मैरिज की थी। लेकिन लड़की के घरवालों ने उस समय बेटी को लड़के के साथ न भेजकर नवरात्र में भेजने की बात कही थी। रंजीत के मुताबिक उसे बहाने से एक ठेकेदार के साथ काम करने के लिए विशाखापट्टनम पहुंचा दिया। वहां पर वह सैलून का काम करने लगा।
15 दिन बाद जब लड़की से फोन पर बात होनी बंद हो गई तो रंजीत के घरवालों ने लड़की के घर जाकर बात की, लेकिन उन्हें वहां से भगा दिया गया। इस बात की जानकारी रंजीत को मिली तो वह घर चला आया। यहां पर आए उसे अभी तीन दिन ही हुए थे, लेकिन लड़की से न मिल पाने और बात न हो पाने पर सोमवार को उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होते देख परिजनों ने उसे ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया। रंजीत ने बताया कि वकील से सलाह के बाद थाने में तहरीर देंगे।