अस्पताल में खराब पड़ा वाटर कूलर।
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में गर्मी के दिनों में भर्ती मरीजों को पीने के लिए पानी का समुचित प्रबंध नहीं है। दो मंजिला अस्पताल के वार्ड में पेयजलापूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं है। अस्पताल में पांच वाटर कूलर में से दो खराब है। ऐसे में भर्ती मरीज व तीमारदार पानी के लिए परेशान हैं।
100 शैय्या के जिला अस्पताल में गर्मी के दिनों में वार्ड में भले ही एसी तक का प्रबंध किया गया हो लेकिन, पानी का प्रबंधन करना जिम्मेदार भूल गए हैं। दो मंजिला अस्पताल के ऊपरी भाग में भर्ती मरीजों को पीने के पानी के लिए नीचे आना पड़ रहा है। ऊपरी वार्ड में दंत विभाग, डायलिसिस यूनिट के साथ न्यू बर्न बेबी सिक यूनिट होने के बावजूद सिर्फ एक वाटर कूलर लगवाया गया, वह भी खराब पड़ा है।
यही हाल आपातकालीन सेवा व नीचे बने वार्डों का भी है। गेट पर लगा वाटर कूलर खराब पड़ा है। ऐसे में आपात स्थिति में पहुंचे मरीजों के साथ भर्ती मरीजों के तीमारदारों को पीने का पानी लेने के लिए ओपीडी परिसर में लगे वाटर कूलर का सहारा लेना पड़ रहा है। यदि मरीज के साथ किसी कारण से तीमारदार नहीं हो तो उसे प्यास बुझाने के लिए दूसरों की राह देखनी पड़ती है। वार्डों के सिर्फ प्रसाधन में पानी की आपूर्ति है, वह भी टंकी से जो दोपहर में गर्म पानी देती है। ऐसे में मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी हो रही है।
जल्द ही सभी वार्ड में लगेंगे वाटर कूलर
सीएमएस डॉ बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि दो वाटर कूलर खराब होेने की जानकारी नहीं है। यदि खराब है तो तत्काल उसे सही करवाया जाएगा। वार्डों में पेयजलापूर्ति के लिए वाटर कूलर स्थापना की कवायद पूरी हो गई है। बजट का भी प्रबंध हो गया है। एक-दो दिन में वार्डों के पास वाटर कूलर लगवाया जाएगा।