अमेठी। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान जाम से निपटने का इंतजाम फेल नजर आया। रविवार की सुबह दो घंटे, दोपहर में एक घंटे व शाम को एक घंटे लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। दरअसल, पुलिस भर्ती परीक्षा के बावजूद प्रशासन ने मुख्य मार्ग पर कोई रूट डायवर्जन नहीं किया था, इसके कारण यह स्थिति सामने आई। पुलिस भर्ती के परीक्षार्थियों को लेकर अभिभावक अपने निजी वाहन से आए। कोई दोपहिया तो कोई चार पहिया वाहन से। अमेठी, गौरीगंज और मुसाफिरखाना क्षेत्र के तिराहे चौराहे एवं केंद्र के आसपास जाम की स्थिति बनी रही। अमेठी शहर में आरजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के सामने और परसावां अग्रसेन इंटर कॉलेज के सामने परीक्षा समाप्त होने के बाद जाम से लोगों को जूझना पड़ा। यही स्थिति गांधी चौक पर जाम की रही।
गौरीगंज के जामो तिराहा,सैंठा चौराहा समेत अन्य स्थानों पर भीड़ लगी रही तो वहीं मुसाफिरखाना में भी यही हालात रहे। यातायात पुलिस कर्मी जाम की समस्या के समाधान के लिए लगे रहे। दोपहर में सीओ मयंक द्विवेदी ने यहां पर खुद यातायात की व्यवस्था संभाली।
लगाई गई बसें
- रोडवेज बस स्टेशन के परिचालन प्रभारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि द्वितीय पाली में आने वाले परीक्षार्थी बसों से आए और गए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक काशी प्रसाद ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त बसें लगाई गई थी।
रेलवे स्टेशन पर चौकस दिखा इंतजाम
रविवार को अमेठी, गौरीगंज समेत अन्य रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। जीआरपी के साथ आरपीएफ पुलिस रेलवे स्टेशन पर सक्रिय दिखाई पड़ी। चौकी इंचार्ज सीएस मिश्रा ने बताया कि शनिवार देर रात इंटरसिटी से करीब 40 परीक्षार्थी स्टेशन पर उतरे थे। रात में वेटिंग हाल में विश्राम करने के बाद सुबह परीक्षा देने के लिए निकल गए।