जायस में तेज हवा के साथ होती बारिश। संवाद
अमेठी सिटी। दिनभर की उमस और तेज धूप के बाद सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा के साथ भादर, जायस, बाजारशुकुल और फुरसतगंज सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। अमेठी व गौरीगंज में मौसम में खास बदलाव नजर नहीं आया। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं अचानक बारिश शुरू होने से बाहर निकले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
भादर क्षेत्र में शाम को तेज हवा के साथ बारिश होने से सड़कों पर आवागमन प्रभावित रहा। जायस और आसपास के क्षेत्रों में भी कुछ देर तक तेज हवा चलती रही। बाजारशुकुल में हल्की बारिश हुई। फुरसतगंज क्षेत्र में भी मौसम बदला और बारिश हुई। बारिश और तेज हवा का असर खेतों में भी दिखाई दिया। कई स्थानों पर खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर गिर गई। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
भादर के किसान रामनरेश ने बताया कि धान की फसल पकने की ओर है। तेज हवा से पौधे जमीन पर गिर गए हैं। इससे फसल की कटाई में भी परेशानी हो सकती है। जायस के किसान श्यामलाल ने बताया कि खेत में खड़ी धान की फसल पर बारिश और तेज हवा का असर पड़ा है। फसल गिरने से नुकसान की आशंका है।
अचानक मौसम बदलने से राहगीरों को भी परेशानी हुई। संदीप ने बताया कि शाम को सड़क से गुजरते समय तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे कुछ देर रुकना पड़ा। स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने बताया कि बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में हल्के बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है।