अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय स्थित गौरीगंज नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नाला निर्माण योजना को 1.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। योजना की पहली किस्त के रूप में 48 लाख रुपये नगर पालिका को प्राप्त हो चुके हैं।
नगर के प्रमुख मार्गों और रिहायशी इलाकों में बरसात के दौरान जलभराव से आमजन को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। इसी समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से नाला निर्माण की योजना तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के तहत जलनिकासी व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने नाला निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नई नगर पालिका होने के कारण मुख्य मार्गों और कई मोहल्लों में नालों का निर्माण अधूरा है। बने हुए नाले भी अभी तक किसी नदी या मुख्य निकासी स्रोत से नहीं जुड़ पाए हैं, जिससे बरसात में कार्यालयों और मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य आरंभ करा दिया जाएगा। नाला निर्माण के बाद नगर में जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे बारिश के समय सड़कों पर पानी भरने की समस्या में कमी आएगी।