अमेठी के रामलीला मैदान में हुए जलभराव के बीच विद्यालय में जाते विद्यार्थी। -संवाद
अमेठी सिठी। जिले में हुई मामूली बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर से लेकर कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक कई स्थानों पर सड़कें और सार्वजनिक स्थल जलमग्न हो गए। कहीं स्कूल के बाहर घुटनों तक पानी भर गया तो कहीं हाईवे पर जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा।
विद्यालय परिसर में कीचड़ होने से बच्चों को परेशानी हुई। जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं, राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की है।
स्कूल के बाहर घुटनों तक भरा पानी
अमेठी के श्री शिव प्रताप इंटर कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने घुटनों तक पानी भर गया। छात्र-छात्राओं को ईंटों के सहारे विद्यालय पहुंचना पड़ा। कई छात्र फिसलकर गिर गए, जिससे उनके कपड़े और किताबें भीग गईं। अभिभावकों ने जलनिकासी और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
कीचड़ से होकर स्कूल पहुंचे बच्चे
संग्रामपुरके सरैया पड़ान मॉडल प्राथमिक विद्यालय परिसर में बारिश के बाद कीचड़ और जलभराव हो गया। इंटरलॉकिंग मार्ग न होने से बच्चों को कीचड़ से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ा। प्रधानाध्यापक ललित पांडेय ने बताया कि आंगनबाड़ी भवन बनने से जलनिकासी प्रभावित हुई है। अभिभावकों ने विद्यालय तक पक्का मार्ग बनवाने की मांग की है।