मुसाफिरखाना (अमेठी)। कस्बे से सटे राजीव गांधी पॉलीटेक्निक में चौकीदार का शव कमरे की फर्श पर बृहस्पतिवार को पड़ा मिला। चौकीदार की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के रामरायपुर निवासी रामराज (55) राजीव गांधी पॉलीटेक्निक में चौकीदार के पद पर काम करते थे। प्रतिदिन की तरह बुधवार शाम चौकीदार काॅलेज की रखवाली करने गए थे। बृहस्पतिवार सुबह जब अन्य कर्मचारी काॅलेज पहुंचे तो चौकीदार रामराज तीसरी मंजिल पर स्थित सेमिनार कक्ष की फर्श पर मृत मिले। सूचना पर पहुंचे उनके बड़े पुत्र तेज बहादुर ने पुलिस को बताया कि पिताजी को हल्की-फुल्की सर्दी थी। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। आशंका व्यक्त की है कि उन्हें किसी विषैले जंतु ने काट लिया हो या फिर ठंड लग गई हो। एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
उधर, रामराज की मौत के बाद पुत्र तेज बहादुर व शेर बहादुर, पुत्री शालू और किरन गमगीन हैं। पत्नी शकुंतला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से घर में कोहराम मचा है। कॉलेज में भी शोक की लहर है।