अमेठी सिटी। मुसाफिरखाना और सुल्तानपुर जिले की बल्दीराय पुलिस टीम ने हत्या के केस में वांछित 25 हजार के इनामी आरोपी मुड़ियापुर गांव निवासी अंकित यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद हुई है।
सुल्तानपुर के बल्दीराय क्षेत्र के अशरफपुर गांव में बीती नौ अक्तूबर को हुई दूधनाथ यादव की हत्या के मामले में जांच के दौरान प्रकाश में आए अंकित को पुलिस काफी दिनों से तलाश कर रही थी। इस मामले में सात आरोपियों को जेल भेजने के बाद सुल्तानपुर की बल्दीराय पुलिस अंकित को खोज नहीं पाई तो 24 मार्च को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए जिले के मुसाफिरखाना पुलिस से संपर्क किया।
इसके बाद मुसाफिरखाना पुलिस ने आरोपी की खोजबीन शुरू की। इसी बीच सोमवार को उसकी लोकेशन मुसाफिरखाना के कोटिया के पास मिली तो बल्दीराय इंस्पेक्टर धीरज सिंह ने मुसाफिरखाना पुलिस से संपर्क करते हुए घेराबंदी की। इसके बाद सक्रिय हुई संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर मुसाफिरखाना विवेक सिंह ने बताया कि अंकित की गिरफ्तारी के बाद बल्दीराय पुलिस उसे अपने साथ ले गई और आगे की कार्रवाई की।