गौरीगंज इफको केंद्र के बाहर बैठै किसान। -संवाद
अमेठी सिटी। खरीफ सीजन में डीएपी की किल्लत किसानों पर भारी पड़ रही है। साधन सहकारी समितियों और इफको केंद्रों पर सोमवार सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। ई-पॉस मशीनों का सर्वर बार-बार ठप होने और धीमा चलने से वितरण की व्यवस्था पटरी से उतरी रही। घंटों इंतजार के बाद अधिकांश किसानों को खाली हाथ घर लौटना पड़ा।
गौरीगंज स्थित इफको केंद्र पर सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच गए थे। बायोमीट्रिक सत्यापन पूरा न होने की वजह से वितरण बार-बार बाधित होता रहा। दोपहर करीब एक बजे तक कुछ समय के लिए सर्वर चालू हुआ तो गिने-चुने किसानों को ही डीएपी मिल सकी। बाकी लोगों को निराशा हाथ लगी।
किसान रामनरेश ने बताया कि सुबह आठ बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन खाद नहीं मिल सकी। शिवबरन ने कहा कि तीन दिन से लगातार समिति के चक्कर लगा रहे हैं। हर बार सर्वर खराब होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। लालजी ने बताया कि धान की फसल में समय पर खाद डालना जरूरी है, लेकिन मजबूरी में निजी दुकानों से अधिक कीमत पर डीएपी खरीदनी पड़ रही है, जिससे खेती का खर्च बढ़ गया है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि सर्वर की तकनीकी समस्या उच्च स्तर की है। इसे दूर कराने के प्रयास जारी हैं। सर्वर सामान्य होते ही सभी केंद्रों पर डीएपी का वितरण नियमित रूप से शुरू करा दिया जाएगा।