अमेठी स्थित डाकघर में आधार कार्ड बनवाने के लिए बारी का इंतजार करते लोग । संवाद
अमेठी। शहर के प्रधान डाकघर स्थित आधार केंद्र पर आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए सुबह से कतार में खड़े लोग दिनभर इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। कभी वेबसाइट धीमी हो जाती है तो कभी नंबर ही नहीं आता।
सरकारी योजनाओं, स्कूल में प्रवेश और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए आधार अनिवार्य हो चुका है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग सुबह खाना लेकर डाकघर पहुंचते हैं, लेकिन सीमित संसाधनों और तकनीकी दिक्कतों के चलते उन्हें कई-कई दिन तक लौटना पड़ रहा है। ककवा निवासी राम सुफल ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से आधार बनवाने आ रहे हैं, लेकिन अब तक नंबर नहीं मिला। बनवीरपुर निवासी शिवम ने कहा कि बचपन में बने आधार में फिंगरप्रिंट अपडेट कराने में महीनों से मशक्कत कर रहे हैं। कई बार नंबर आता है, लेकिन साइट नहीं चलती।
अभिभावक परेशान, अपार आईडी भी अधूरी
बच्चों के स्कूलों में प्रवेश और अपार आईडी बनाने के लिए आधार जरूरी है, लेकिन समय पर आधार न बनने से अभिभावकों को मजबूरी में पुराने या गलत डाटा वाले आधार से काम चलाना पड़ रहा है। डाकघर पर आए विजय कुमार, शिवकली, मनोरमा आदि ने मांग की है कि आधार सेवा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए और तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जाए।
नियमित बन रहा आधार कार्ड
प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर राम आसरे सोनकर ने बताया कि प्रतिदिन 50 से अधिक आधार बनाए जा रहे हैं। कभी-कभी तकनीकी खामी आने से काम प्रभावित होता है, लेकिन प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक लोगों को सेवा मिल सके।