अमेठी सिटी। नवरात्र में परिवार सहित माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से परेशान हैं। अमेठी होकर गुजरने वाली अर्चना एक्सप्रेस में वेटिंग का आंकड़ा 50 के पार हो गया है। ऐसे में या तो यात्रा स्थगित करने या तत्काल कोटे का टिकट बुक करवाने की कोशिश में लोग जुटे हैं। तत्काल कोटे में भी लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर जम्मूतवी के लिए सिर्फ राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस का संचालन अमेठी होकर सप्ताह में मंगलवार व शनिवार को होता है। इसके अतिरिक्त अमेठी होकर एक भी अन्य ट्रेन संचालित नहीं होती। रेलवे कभी-कभी स्पेशल ट्रेन संचालित कर लोगों की यात्रा सुगम बनाता है, लेकिन इस ट्रेन में लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। चैत्र नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए परेशान हैं, लेकिन उन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
शनिवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर मिले अमरनाथ मिश्र व पुष्पाकर सिंह ने बताया कि माता वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा थी। साधारण कोटे से टिकट नहीं मिला तो तत्काल से बुक करवाने आए, लेकिन तत्काल में भी टिकट नहीं मिल सका। बताया कि अब सोमवार को दोबारा तत्काल कोटे से टिकट बुक करवाने की कोशिश करेंगे। यदि मिल गया तो ठीक नहीं तो साधारण कोच में ही यात्रा कर माता के दर्शन नवरात्र में ही करेंगे। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि नियमित टिकटों की बुकिंग हो रही है। पहले से लोगों के टिकट बुक करने से वेटिंग चल रही है। तत्काल कोटे का टिकट भी प्रतिदिन बुक हो रहा है।