अमेठी सिटी। मौसम में अचानक बदलाव से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को 774 नए मरीज पहुंचे, जिनमें 600 मरीज बुखार-खांसी के थे और 80 से अधिक मरीज सांस व जुकाम से पीड़ित थे।
सबसे अधिक भीड़ फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रही। तीमारदार बच्चों को लेकर आए, जिन्हें सर्दी, खांसी और सांस में दिक्कत थी। वहीं, बुजुर्गों में सांस की तकलीफ सबसे अधिक पाई गई। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव ने सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याओं को बढ़ा दिया है। फिजीशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखने के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और गर्म पेय पदार्थ लेना जरूरी है।