तिलोई। कस्बा स्थित एसपीएन इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी तीन दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में अमेठी जोन का दबदबा दिखा, जबकि तिलोई जोन ने पहले स्थान के लिए कड़ा मुकाबला किया।
1500 मीटर दौड़ सीनियर बालक वर्ग में अमेठी जोन के विपिन पाल पहले और शिवम दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में अमेठी की रागिनी ने पहला और तिलोई जोन की उपनीत मौर्य दूसरे स्थान पर रहीं। जूनियर बालक वर्ग में अमेठी के कुनाल प्रथम और सचिन द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में अन्नू पाल ने पहला और प्रतिज्ञा शर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
ऊंची कूद सीनियर बालक वर्ग में मुसाफिरखाना जोन के रामानंद सिंह ने बाजी मारी, जबकि अमेठी जोन के शमशाद दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में तिलोई जोन की आर्या सिंह ने पहला स्थान पाया, मुसाफिरखाना की निधि दूसरे स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में गौरीगंज की रोशनी बानो प्रथम स्थान पर रहीं। गोला फेंक सीनियर बालक वर्ग में गौरीगंज जोन के रविकांत यादव पहले और अमेठी जोन के करण कुमार दूसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में अमेठी की अंकिता यादव ने पहला और मुसाफिरखाना की महक ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। डिस्कस थ्रो सीनियर बालिका वर्ग में अमेठी जोन की खुशबू प्रथम और मुसाफिरखाना की तैयब खातून द्वितीय रहीं। जूनियर बालिका वर्ग में अमेठी की मांडवी सिंह ने पहला और अनुपमा गुप्ता ने दूसरा स्थान पाया।प्रतियोगिता के दौरान प्रधानाचार्य प्रेम कुमार मिश्र, क्रीड़ा प्रभारी राकेश कुमार, जोगेश्वर दिवाकर सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।